Skip to main content

गांधी नहीं आयेंगे

आज पूरा देश विश्वास के संकट से गुजर रहा है. करोड़ो रुपयों के घोटालों ने हमारे लोकतंत्र के वटवृक्ष को जड़ों तक झकझोड़ दिया है. एक भी नेता ऐसा नहीं, जिसके बारे में आम जनता विश्वास के साथ कह सके कि वह पाक साफ है. हर्षद मेहता हो या जैन बंधु, जहां तक उनके मौखिक आरोपों का सवाल है – उनसे इस विशाल देश का प्रधानमंत्री भी नहीं बचा. सारे राजनीतिज्ञ एक-दूसरे पर कीचड़ उछाल रहे हैं – एक दूसरे का चरित्र हनन करने के लिए सारे हथकंडे अपना रहे हैं. अपने को दूसरे से बड़ा सिद्ध करने की कोशिश में, दूसरे को छोटा साबित करने की प्रक्रिया चल रही है. बीरबल ने बादशाह अकबर द्वारा खींची लकीर को छोटा करने के लिए उसे मिटाया नहीं – बल्कि बगल में एक बड़ी लकीर खींच दी. सच्चा नेता वह है, जो अपने व्यक्तित्व को इतना ऊंचा उठाये, महान बनाये कि बाकी लोगों का कद अपने आप उससे नीचे हो जाये. लेकिन, यह रास्ता बहुत कठिन है, मशक्कत वाला है. बड़ा बनने के लिए मेहनत करनी होगी, कुछ रचनात्मक कार्य करने होंगे. मुश्किलें उठानी होंगी. समय भी बहुत लगेगा. दूसरे को नीचा दिखाना, उसे छोटा सिद्ध करना अधिक आसान और शॉर्टकट तरीका है. आज के नेताओं को यही शॉर्टकट तरीका रास आ रहा है, लेकिन इसके दूरगामी दुष्प्रभावों से उन्हें कोई मतलब नहीं. दूसरे पर कीचड़ उछालने का काम इतना आम हो गया है कि, रास्ते चलता एक आम आदमी भी गांधी और नेहरू को गाली दे देने में अपनी बहादुरी मानता है. “राम” और “कृष्ण” जैसे आदर्श पुरुषों को “जय श्रीराम” की राजनीति ने स्वर्ग से उतार कर चौराहों पर पान की दूकानों पर पोस्टर के रूप में चिपका दिया, गंदी गलियों की दीवारों पर नारों के रूप में विराजमान कर दिया.
एक जमाना था कि लोग गांधी-नेहरू जैसे नेताओं के नाम पर अपने बच्चों के नाम रखना फख्र की बात समझते थे, उनकी तस्वीरों से लोगों के ड्राइंग रूम सजे रहते थे. लोग अपने बच्चों को उन जैसा बनने की शिक्षा देते थे. अब लोगों ने इन महापुरुषों की इतनी फजीहत कर दी है कि आज के बाप के पास ऐसा कोई नाम नहीं, जिसके जैसा बनने के लिए वह अपने बच्चों को कह सके. और आज के “महापुरुषों” का तो कहना ही क्या!
आज किसी को किसी पर विश्वास नहीं रहा. बिहार के पशुपालन विभाग के घोटाले ने तो और भी निराशा भर दी है. पूरे सिस्टम पर से भरोसा उठ गया है – जिस मुख्यमंत्री की नाक के नीचे इतना बड़ा हादसा हो जाये, वह इतने बड़े राज्य को क्या संभालेगा. यही बात प्रधानमंत्री पर भी लागू है, जिनकी छत्रछाया में पल रहे लोगों ने हजारों करोड़ का घोटाला कर दिया. यदि उनकी जानकारी में ऐसा हुआ है, तो वे भी अपराधी हैं. यदि वे कहते हैं कि उन्हें मालूम नहीं था, तब तो और भी चिंताजनक बात है. इतने महत्वपूर्ण पदों पर बैठे लोगों में इतनी नाकाबलीयत. उनकी नाक के नीचे इतना कुछ होता रहा और उन्हें पता भी न लगा. महात्मा गांधी ने तीस-पैंतीस वर्षों में जो विश्वास इस देश के जन मन में पैदा किया, उसको मटियामेट करके रख दिया कांग्रेस और विपक्षी नेताओं ने. एक-दूसरे पर विश्वास, सरकार की नीतियों पर विश्वास, नेताओं पर विश्वास और अपने देश की ताकत पर विश्वास- यही तो आधार हैं राष्ट्रीय एकता के. विश्वास टूट रहा है और राष्ट्रीय एकता का अमृत कलश फूट रहा है. हजारों वर्षों से खोयी राष्ट्रीय एकता को बड़ी मुश्किल से फिर पाया था हम लोगों ने, लेकिन शायद उसे पचास वर्षों तक भी संभाल नहीं पाये. गांधी का फिर इंतजार है, लेकिन अफसोस कि गांधी बार-बार नहीं आते.

Comments

Popular posts from this blog

“हर घड़ी शुभ घड़ी, हर वार शुभ वार”

रांची के हरमू स्थित श्मशान घाट का नाम ‘मुक्तिधाम’ है जिसे मारवाड़ी सहायक समिति ने बहुत सुंदर बनाया है, बारिश एवं धूप से चिताओं की सुरक्षा हेतु बड़े- बड़े शेड बने हैं, चिता बुझने का इंतजार करने वाले लोगों के लिये बैठने की आरामदायक व्यवस्था है, जिंदगी की क्षणभंगुरता को व्यक्त करते एवं धर्म से नाता जोड़ने की शिक्षा देते दोहे एवं उद्धरण जगह- जगह दीवारों पर लिखे हैं. हर तरह के लोग वहां जाते हैं, दोहे पढ़ते हैं, कुछ देर सोचते भी हैं, मुक्तिधाम से बाहर निकलते ही सब कुछ भूल जाते हैं. इन दोहों का असर दिमाग पर जीवन से भी अधिक क्षणभंगुर होता है.मुक्तिधाम में गुरु नानकदेव रचित एक दोहा मुझे बहुत अपील करता है- “हर घड़ी शुभ घड़ी, हर वार शुभ वार; नानक भद्रा तब लगे जब रूठे करतार.” पता नहीं दूसरे क्या समझते व सोचते हैं. आज से पचास साल पहले लोग यात्रा पर निकलने से पूर्व मुहूर्त दिखला लेते थे, जिस दिशा में जाना है, उधर उस दिन दिशाशूल तो नहीं, पता कर लेते थे. अमुक- अमुक दिन दाढी नहीं बनवानी, बाल एवं नाखून नहीं कटवाने, इसका भी कड़ाई से पालन करते थे. मूल नक्षत्र में कोई पैदा हो गया, तो अनिष्ट की आशंका दूर करने हेतु ...

रैगिंग- क्या, क्यों और क्यों नहीं ?

हर वर्ष नये एडमिशन के बाद पूरे देश के अनेक इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट और कुछ अन्य कॉलेजों में जब नये छात्र प्रवेश लेते हैं, तो पुराने सीनियर छात्र उन्हें नये माहौल में ढालने के नाम पर उनकी रैगिंग करते हैं. रैगिंग का मतलब ही होता है किसी की इतनी खिंचाई करना कि उसके व्यक्तित्व और स्वाभिमान के चीथड़े- चीथड़े हो जाएं. कई सीनियर छात्रों के द्वारा किसी एक नये छात्र को घेरकर ऊलजलूल सवाल करना और हर जबाब को गलत बताते हुए खिल्ली उड़ाना, ऊटपटांग हरकतें करवाना, गालीगलौज और अश्लील बातें करके नये छात्रों को मानसिक और शारीरिक यंत्रणा देना ही रैगिंग है. रैगिंग के परिणाम स्वरूप हर वर्ष दो-चार छात्र आत्महत्या कर लेते हैं, कुछ मानसिक रूप से गंभीर बीमार हो जाते हैं. वैसे तो अधिकांश नये छात्र रैगिंग के फलस्वरूप अल्ट्रामॉडर्न बन जाते हैं, लेकिन कुछ लड़कों को रैगिंग के दौरान जबर्दस्त झटका लगता है. वे जो कुछ बचपन से किशोरावस्था तक पहुंचने में सीखे हुए होते हैं, सब एक झटके में धराशायी हो जाता है. यहां तो हर वाक्य में “मां-बहन” को लपेटती हुई बुरी- बुरी गालियां दी जाती हैं, सिखाई और रटवाई जाती हैं, वर्जित सेक्स ...

आदिवासी मुख्यमंत्रियों से बेहतर है राष्ट्रपति शासन ?

झारखंड राज्य के गठन के बाद नौ बार गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जा चुका. आदिवासी बहुल इस क्षेत्र को अलग raajy बनाने के लिये बहुत लंबा आंदोलन चला, मान्यता यही थी कि खनिजसंपन्न इस क्षेत्र में आदिवासियों का सर्वांगीण विकास अपने अलग राज्य में ही उनके ही हाथों से हो सकता है. विगत आठ वर्षों में यहां भयंकर राजनैतिक उथल पुथल हुई, एक निर्दलीय भी मुख्यमंत्री बना, अन्य आदिवासी मंत्रियों ने भी भ्रष्टाचार की हुगली में नंगा स्नान किया, इनके एजेंडे में झारखंड या अदिवासियों के विकास की बात दूर -दूर तक नही रही, सब ने मिलकर इतनी छीछालेदर कर दी कि राष्ट्रपति शासन लगाना पड़ा. राज्य-गठन के आठ वर्षों में झारखंड में चार मुख्य मंत्री हुए, चारों आदिवासी, अधिकांश मंत्री भी आदिवासी ही रहे, काबिल या नाकाबिल होने से कोई फर्क नहीं पड़ता, बस आदिवासी होने का ठप्पा होना चाहिये. वैसे तो ऐसा कोई कानून नहीं है, केवल आदिवासियों के तुष्टिकरण के लिये यह प्रथा चल पडी है.झारखंड गठन के प्रथम दिवस से ही हम एक गलत सोच के शिकार हैं कि आदिवासी ही आदिवासियों की समस्याओं को समझकर उनका निदान निकाल सकते हैं. झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य...