Skip to main content

मत चूकें यह अवसर, शीन अख्तर महोदय!

जनाब शीन अख्तर साहब ने जब से रांची विश्वविद्यालय की बागडोर संभाली है, ऐसा लगता है कि ‘कुछ-कुछ हो रहा है’. अनुभव व जोश से भरे प्रो. अख्तर में कुछ कर गुजरने का संकल्प उनके कार्यकलापों से स्पष्ट नजर आता है, पिछली बार भी जब उन्हें कुछ समय के लिए यह जिम्मेदारी दी गयी थी, उन्होंने अनेक महत्वपूर्ण काम किये थे. पता नहीं क्यों ऐसे योग्य प्रशासनिक सह शिक्षाविद को रांची विश्वविद्यालय का चार-पांच वर्षों के लिए कुलपति बना दिया जाता है? रांची विश्वविद्यालय के लिए यह स्वर्णिम अवसर है. महामहिम राज्यपाल प्रभात कुमार और जनाब शीन अख्तर साहब – यह मणिकांचन संयोग है. प्रो. शीन अख्तर साहब को बचना होगा राजनीतिज्ञों की तरह लोकप्रिय घोषणाएं करने से. हाल-हाल में उन्होंने कहा कि विभिन्न वोकेशनल विषयों के लिए कॉलेजों में, जो अतिरिक्त शुल्क लिये जा रहे हैं, उसे तत्काल हटाना चाहिए और दूसरे विषयों की तरह ही इसका शुल्क 15-20 रुपये प्रति माह निर्धारित होना चाहिए.
लोग अच्छी उच्च शिक्षा के लिए उचित शुल्क देने को तैयार हैं. कॉलेजों को इसका फायदा उठाना चाहिए. प्रो. अख्तर साहब विश्वविद्यालय की जर्जर आर्थिक स्थिति से भी पूरी तरह अवगत हैं. उन्हें तो शुल्क घटाने की बात ही नहीं करनी चाहिए. उन्हें यदि गरीब छात्रों से सहानुभूति है, तो उनके लिए वजीफे व बैंक से कर्ज दिलाने की व्यवस्था करा दें. अनुसूचित जातियों व जन जातियों के लिए तो पहले से ही कल्याण विभाग बना हुआ है. आज एक ही परिवार का एक बच्चा प्राइवेट पब्लिक स्कूल में नर्सरी से 12वीं तक की पढ़ाई, चार-पांच सौ रुपये प्रतिमाह रुपये का शुल्क देकर करता है उसी परिवार का बड़ा बच्चा कॉलेज में साल भर में भी इतनी फीस नहीं देता. इस विरोधाभास को दूर करने की पहल होनी चाहिए. कॉलेजों में फीस बढ़ाना आसान नहीं है. आन्दोलन और प्रतिरोध होंगे, वोकेशनल विषयों की फीस बिना किसी विरोध के सर्व स्वीकार्य हो चुकी है. अब इसे घटाने की बात करना बुद्धिमानी नहीं. विश्वविद्यालय का खजाना खाली है. यदि ठीक से पूरा हिसाब-किताब किया जाये, तो उसे दीवालिया घोषित करना ही पड़ेगा.
मैं एक बार फिर कहना चाहूंगा कि जनाब शीन अख्तर के रूप में एक योग्य व्यक्ति विश्वविद्यालय को मिला है. इसका फायदा उठाना चाहिये. धर्म व जाति पर आधारित नीतियों के कारण हजारीबाग स्थित विनोबा भावे विश्वविद्यालय की संस्थापक उप-कुलपति विनोदिनी तरवे की प्रतिभा व क्षमता का पूरा लाभ उठाने से यह राज्य चूक गया. जब उन्हें नवस्थापित विनोबा भावे विश्वविद्यालय की बागडोर दी गयी थी, तो उनके पास कार्यालय के नाम पर एक कुर्सी तक नहीं थी. उन्होंने सस्ते होटल में ठहर कर और हजारीबाग के ही एक कॉलेज से एक टाइपराइटर उधार लेकर बिना किसी शिकवे- शिकायत के अपना काम शुरू कर दिया और दो-तीन वर्षों में ही विश्वविद्यालय को ठोस आधार पर खड़ा कर दिया.
रांची विश्वविद्यालय के सौतेले व्यवहार ने उनके समक्ष अनेक बाधाएं खड़ी कीं, लेकिन उन्होंने अपने इस्पाती इरादों व सोलह घंटे काम करने के स्वभाव के सहारे सब पर विजय पा ली. अचानक उन्हें रिटायर कर दिया गया. आज भी उनके अंदर एक युवा व्यक्ति से अधिक ऊर्जा व उत्साह है, लेकिन समाज में ईमानदारी व लगन की कद्र कहां. ऊपर उठने और वहां बने रहने के लिये चाहिए सत्ता के गलियारों से निरंतर जुड़े रहना. खैर विनोदिनी तरवे का फायदा तो हमलोग नहीं उठा सके, लेकिन प्रो. अख्तर को पूर्णकालिक उप-कुलपति घोषित कर उन्हें रांची विश्वविद्यालय को पटरी पर लाने की पूरी स्वतंत्रता व पूरा अवसर प्रदान करना चाहिए. उम्मीद है कि महामहिम राज्यपाल महोदय ध्यान दे रहे होंगे व शिक्षा के पवित्र मंदिर को धर्म तथा राजनीति से दूर रख पाने में सफलता अवश्य पायेंगे.

Comments

Popular posts from this blog

“हर घड़ी शुभ घड़ी, हर वार शुभ वार”

रांची के हरमू स्थित श्मशान घाट का नाम ‘मुक्तिधाम’ है जिसे मारवाड़ी सहायक समिति ने बहुत सुंदर बनाया है, बारिश एवं धूप से चिताओं की सुरक्षा हेतु बड़े- बड़े शेड बने हैं, चिता बुझने का इंतजार करने वाले लोगों के लिये बैठने की आरामदायक व्यवस्था है, जिंदगी की क्षणभंगुरता को व्यक्त करते एवं धर्म से नाता जोड़ने की शिक्षा देते दोहे एवं उद्धरण जगह- जगह दीवारों पर लिखे हैं. हर तरह के लोग वहां जाते हैं, दोहे पढ़ते हैं, कुछ देर सोचते भी हैं, मुक्तिधाम से बाहर निकलते ही सब कुछ भूल जाते हैं. इन दोहों का असर दिमाग पर जीवन से भी अधिक क्षणभंगुर होता है.मुक्तिधाम में गुरु नानकदेव रचित एक दोहा मुझे बहुत अपील करता है- “हर घड़ी शुभ घड़ी, हर वार शुभ वार; नानक भद्रा तब लगे जब रूठे करतार.” पता नहीं दूसरे क्या समझते व सोचते हैं. आज से पचास साल पहले लोग यात्रा पर निकलने से पूर्व मुहूर्त दिखला लेते थे, जिस दिशा में जाना है, उधर उस दिन दिशाशूल तो नहीं, पता कर लेते थे. अमुक- अमुक दिन दाढी नहीं बनवानी, बाल एवं नाखून नहीं कटवाने, इसका भी कड़ाई से पालन करते थे. मूल नक्षत्र में कोई पैदा हो गया, तो अनिष्ट की आशंका दूर करने हेतु ...

रैगिंग- क्या, क्यों और क्यों नहीं ?

हर वर्ष नये एडमिशन के बाद पूरे देश के अनेक इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट और कुछ अन्य कॉलेजों में जब नये छात्र प्रवेश लेते हैं, तो पुराने सीनियर छात्र उन्हें नये माहौल में ढालने के नाम पर उनकी रैगिंग करते हैं. रैगिंग का मतलब ही होता है किसी की इतनी खिंचाई करना कि उसके व्यक्तित्व और स्वाभिमान के चीथड़े- चीथड़े हो जाएं. कई सीनियर छात्रों के द्वारा किसी एक नये छात्र को घेरकर ऊलजलूल सवाल करना और हर जबाब को गलत बताते हुए खिल्ली उड़ाना, ऊटपटांग हरकतें करवाना, गालीगलौज और अश्लील बातें करके नये छात्रों को मानसिक और शारीरिक यंत्रणा देना ही रैगिंग है. रैगिंग के परिणाम स्वरूप हर वर्ष दो-चार छात्र आत्महत्या कर लेते हैं, कुछ मानसिक रूप से गंभीर बीमार हो जाते हैं. वैसे तो अधिकांश नये छात्र रैगिंग के फलस्वरूप अल्ट्रामॉडर्न बन जाते हैं, लेकिन कुछ लड़कों को रैगिंग के दौरान जबर्दस्त झटका लगता है. वे जो कुछ बचपन से किशोरावस्था तक पहुंचने में सीखे हुए होते हैं, सब एक झटके में धराशायी हो जाता है. यहां तो हर वाक्य में “मां-बहन” को लपेटती हुई बुरी- बुरी गालियां दी जाती हैं, सिखाई और रटवाई जाती हैं, वर्जित सेक्स ...

मैं छात्र नेता बना

इंटरमीडिएट के बाद मैंने डिग्री कालिज में प्रवेश लिया, महत्वाकांक्षाओं और संकल्पों के साथ. घर से दूर छात्रावास में रहने का पहला अनुभव था. पहले ही दिन सीनियर छात्रों के द्धारा तंग किया गया. बड़ी लानत-मलानत हुई. एक ने कहा, “साला बड़ा उजड्ड दीखता है! अबे, काठ के उल्लू, क्या बाप ने मुर्गीखाना समझ कर भेज दिया है ? यह सिर का एरियल क्या...” एक भद्दी सी गाली मिली. दूसरा चिल्लाया, बेटा, 70 परसेंट लेने से कोई फायदा नहीं. आजकल नालेज और परसेंटेज को कोई नहीं पूछता. होनी चाहिए स्मार्टनेस और धांसू परसनैलटी या फिर सोर्स. यदि इसी तरह 18 इंच मोहरी की पैंट पहने और सिर पर एरियल रखे घूमते रहोगे, तो कोई चवन्नी भर को भी न पूछेगा.” “अरे, छोड़ो यार, ये साले बलियाटिक क्या जानें पहनना और ओढ़ना. सारी उमर तो भैंस चराने में बीती. चले आए यहां डिग्री लेने.” “चल बे चल साले. अगर कल यह एरियल और मूंछ नजर आई तो यहीं पर उखाड़ कर फेंक दूंगा,” कह कर उस ने मेरी मूंछें कस कर मरोड़ दीं. मैं दर्द से बिलबिला पड़ा. मन तो हुआ कि इसी जगह पर निपट लिया जाए, पर उन की संख्या अधिक देख कर खून का घूंट पी गया. सब से ज्यादा खल रहे थे मेरी जाति, परिव...