Skip to main content

चलते हैं नये सप्लायर छब्बे बनने, दूबे बनकर लौटते हैं

नवोदित राज्य झारखंड में नये –नये युवा सप्लायरों की भरमार हो गयी है, कुछ तो बेरोजगारी के कारण और कुछ इस भ्रम में कि सरकारी सप्लाई में बहुत फायदा है. कोटेशन मांगने की त्रुटिपूर्ण पद्धति के कारण भी हर बार अनेक सप्लायर मैदान में उतरते हैं और अपने हाथ जला बैठते हैं. विभागों के कर्मचारी ही अपने चहेतों को खबर कर देते हैं कि उनके विभाग में एक बड़ा टेंडर निकलनेवाला है और वे अपने लिये ऑफिस के अलावे भी कमीशन पहले से ही तय कर लेते हैं. कुछ नये रंगरूट तो अखबारों में टेंडर के विज्ञापन देखकर अपना भाग्य आजमाने निकल पड़ते हैं.
हर बार कुछ नये आपूर्तिकर्ता काम करने के लोभ में कम से कम दर का कोटेशन दे देते हैं, उन्हें न तो माल की क्वालिटी की जानकारी होती है और न विभाग में दिये जानेवाले कमीशन की. अखबार में उसने पढ़ लिया कि अमुक विभाग में 15 फुट लंबी और 12 फीट चौड़ी दरियां सप्लाई करनी हैं, उसने सुन रखा है कि सप्लाई में बहुत फायदा होता है. बस निकल पड़ा बाजार में और दरी बेचनेवालों से उसने उनके रेट ले लिये, दरी की मोटाई, वजन और धागों की क्वालिटी का न तो उसे ज्ञान है और न उसने जानने की ही कोशिश की क्योंकि उसे पता है कि सबसे कम दरवाले को ही आपूर्ति आदेश मिलता है. विभाग में जाकर जब उसने पता करने की कोशिश की कि वहां कितना कमीशन चलता है, वहां हरेक ने कहा कि कमीशन का सवाल ही नही उठता. बस उसने खुश होकर बड़ी उम्मीदों के साथ कम से कम दर का कोटेशन डाल दिया.
निश्चित दिन आपूर्तिकर्ताओं की उपस्थिति में टेंडर खुला, उसकी दर न्यूनतम हो गयी. अब शुरू हुई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की पैंतरेबाजी, उसके कोटेशन में अनेक त्रुटियां दिखाए जाने का सिलसिला चला, उसे लगा कि हाथ आया ऑर्डर खिसक रहा है, किसी ने समझाया कि कमीशन ऑफर करो, मरता क्या न करता, उसने कमीशन देकर ऑर्डर ले लिया, सोचा कि कम मुनाफा होगा, बर्दाश्त कर लेगें. बाजार से दरी लाकर आपूर्ति कर दी, अब विभाग के दूसरे लोग ऐक्शन में आ गये, कहा कि दरियां बहुत हलकी हैं, नहीं चलेंगीं. बेचारा आकाश से गिरा तो खजूर में अटक गया. माल फंस गया, जहां से दरियां खरीदीं वहां से पेमेंट का तगादा रोज आ रहा है, अपने पैसे तो फंसे ही हैं. फिर कुछ देकर माल पास कराया और राम-राम करते हुए बिल जमा किया कि दो चार दिनों में पेमेंट मिल ही जायेगा. लेकिन यहां तो अकाउंटेंट और बिल क्लर्क के चंगुल में फंस गये, जिन्होंने नियमों का हवाला देकर आपूर्ति आदेश, चालान और बिल में अनेक त्रुटियां निकालकर पेमेंट ही रोक दिया. एक तो कम दर पर माल दिया, मुनाफा दो तीन जगहों पर अनपेक्षित कमीशन देने में ही खत्म हो गया, अब क्या होगा. लेकिन महाजन का तगादा सिर पर हो, अपनी पूंजी फंसी हो, तो ऐसे तनाव से छुटकारा पाने के लिये कोई भी व्यक्ति क्या करेगा, मुनाफा भाड़ में जाये, जो भी देना पड़े देकर अपना पेमेंट निकालेगा. बड़ी उम्मीदों के साथ टेंडर दिया कि सप्लायर बनेंगे, लेकिन चौबेजी छब्बे बनने की जगह दूबे बनकर लौटे. विभाग को घटिया माल मिला, पदाधिकारियों और कर्मचारियों की आत्मा बिकी और आपूर्तिकर्ता की पूंजी टूटी. किसी को पसंद नहीं आती ऐसी स्थिति, लेकिन बदस्तूर जारी है यही सबकुछ. इन नये आपूर्तिकर्ताओं में अधिकांश के पास बिक्री कर का निबंधन नहीं होता, उनके रेट में बिक्री कर शामिल भी नहीं होता, निबंधित आपूर्तिकर्ताओं की दर के मुकाबले उनकी दर स्वतः कम हो जाती है. विभाग भी इस गैरकानूनी बात को नजर अंदाज कर देता है. बतलाने पर जबाब मिलेगा कि हमें तो न्यूनतम दर से ही मतलब है, बिक्री कर निबंधन से क्या लेना-देना. यही आपूर्तिकर्ता सप्लाई करने के बाद बिक्रीकर विभाग के हत्थे चढ़्कर पेनाल्टी देते हैं और नुकसान उठाते हैं. बिना अनुभव वाले आपूर्तिकर्ताओं को बड़े टेंडर में भाग लेने देना ही सभी के लिये नुकसानदेह है. सरकारी खरीद की जो भी पॉलिसी बने उसमें इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिये.

Comments

Popular posts from this blog

“हर घड़ी शुभ घड़ी, हर वार शुभ वार”

रांची के हरमू स्थित श्मशान घाट का नाम ‘मुक्तिधाम’ है जिसे मारवाड़ी सहायक समिति ने बहुत सुंदर बनाया है, बारिश एवं धूप से चिताओं की सुरक्षा हेतु बड़े- बड़े शेड बने हैं, चिता बुझने का इंतजार करने वाले लोगों के लिये बैठने की आरामदायक व्यवस्था है, जिंदगी की क्षणभंगुरता को व्यक्त करते एवं धर्म से नाता जोड़ने की शिक्षा देते दोहे एवं उद्धरण जगह- जगह दीवारों पर लिखे हैं. हर तरह के लोग वहां जाते हैं, दोहे पढ़ते हैं, कुछ देर सोचते भी हैं, मुक्तिधाम से बाहर निकलते ही सब कुछ भूल जाते हैं. इन दोहों का असर दिमाग पर जीवन से भी अधिक क्षणभंगुर होता है.मुक्तिधाम में गुरु नानकदेव रचित एक दोहा मुझे बहुत अपील करता है- “हर घड़ी शुभ घड़ी, हर वार शुभ वार; नानक भद्रा तब लगे जब रूठे करतार.” पता नहीं दूसरे क्या समझते व सोचते हैं. आज से पचास साल पहले लोग यात्रा पर निकलने से पूर्व मुहूर्त दिखला लेते थे, जिस दिशा में जाना है, उधर उस दिन दिशाशूल तो नहीं, पता कर लेते थे. अमुक- अमुक दिन दाढी नहीं बनवानी, बाल एवं नाखून नहीं कटवाने, इसका भी कड़ाई से पालन करते थे. मूल नक्षत्र में कोई पैदा हो गया, तो अनिष्ट की आशंका दूर करने हेतु ...

रैगिंग- क्या, क्यों और क्यों नहीं ?

हर वर्ष नये एडमिशन के बाद पूरे देश के अनेक इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट और कुछ अन्य कॉलेजों में जब नये छात्र प्रवेश लेते हैं, तो पुराने सीनियर छात्र उन्हें नये माहौल में ढालने के नाम पर उनकी रैगिंग करते हैं. रैगिंग का मतलब ही होता है किसी की इतनी खिंचाई करना कि उसके व्यक्तित्व और स्वाभिमान के चीथड़े- चीथड़े हो जाएं. कई सीनियर छात्रों के द्वारा किसी एक नये छात्र को घेरकर ऊलजलूल सवाल करना और हर जबाब को गलत बताते हुए खिल्ली उड़ाना, ऊटपटांग हरकतें करवाना, गालीगलौज और अश्लील बातें करके नये छात्रों को मानसिक और शारीरिक यंत्रणा देना ही रैगिंग है. रैगिंग के परिणाम स्वरूप हर वर्ष दो-चार छात्र आत्महत्या कर लेते हैं, कुछ मानसिक रूप से गंभीर बीमार हो जाते हैं. वैसे तो अधिकांश नये छात्र रैगिंग के फलस्वरूप अल्ट्रामॉडर्न बन जाते हैं, लेकिन कुछ लड़कों को रैगिंग के दौरान जबर्दस्त झटका लगता है. वे जो कुछ बचपन से किशोरावस्था तक पहुंचने में सीखे हुए होते हैं, सब एक झटके में धराशायी हो जाता है. यहां तो हर वाक्य में “मां-बहन” को लपेटती हुई बुरी- बुरी गालियां दी जाती हैं, सिखाई और रटवाई जाती हैं, वर्जित सेक्स ...

आदिवासी मुख्यमंत्रियों से बेहतर है राष्ट्रपति शासन ?

झारखंड राज्य के गठन के बाद नौ बार गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन किया जा चुका. आदिवासी बहुल इस क्षेत्र को अलग raajy बनाने के लिये बहुत लंबा आंदोलन चला, मान्यता यही थी कि खनिजसंपन्न इस क्षेत्र में आदिवासियों का सर्वांगीण विकास अपने अलग राज्य में ही उनके ही हाथों से हो सकता है. विगत आठ वर्षों में यहां भयंकर राजनैतिक उथल पुथल हुई, एक निर्दलीय भी मुख्यमंत्री बना, अन्य आदिवासी मंत्रियों ने भी भ्रष्टाचार की हुगली में नंगा स्नान किया, इनके एजेंडे में झारखंड या अदिवासियों के विकास की बात दूर -दूर तक नही रही, सब ने मिलकर इतनी छीछालेदर कर दी कि राष्ट्रपति शासन लगाना पड़ा. राज्य-गठन के आठ वर्षों में झारखंड में चार मुख्य मंत्री हुए, चारों आदिवासी, अधिकांश मंत्री भी आदिवासी ही रहे, काबिल या नाकाबिल होने से कोई फर्क नहीं पड़ता, बस आदिवासी होने का ठप्पा होना चाहिये. वैसे तो ऐसा कोई कानून नहीं है, केवल आदिवासियों के तुष्टिकरण के लिये यह प्रथा चल पडी है.झारखंड गठन के प्रथम दिवस से ही हम एक गलत सोच के शिकार हैं कि आदिवासी ही आदिवासियों की समस्याओं को समझकर उनका निदान निकाल सकते हैं. झारखंड और छत्तीसगढ़ राज्य...